हमारी बोली, हमारी पहचान

हमारी बोली, हमारी पहचान

हमारी बोली, हमारी पहचान

अपनी बोली, अपनी पहचान – इसे बचाएं, सिखाएं

भाषा मिटेगी तो पहचान भी मिटेगी – जो अपनी बोली नहीं बचा सकता, वह आने वाली पीढ़ियों को विरासत में कुछ नहीं दे सकता!”

भाषा सिर्फ शब्दों का माध्यम नहीं होती – वो हमारी सोच, संस्कृति, भावनाओं और पहचान की आत्मा होती है। खत्री समाज की बोली – खास तौर पर पंजाबी, उसकी मिठास, उसमें बोले जाने वाले मुहावरे, लोक गीत, कहावतें और पारिवारिक संवाद – आज लुप्त होते जा रहे हैं। यह केवल शब्दों का खोना नहीं, अपने इतिहास, अपने जज़्बात, अपने संस्कारों और अपने सामाजिक ताने-बाने का धीरे-धीरे विसर्जन है। राम राम जी , व "सत श्री अकाल" की जगह "हाय" और "बाय" आ गया है। हजारों खत्री मुहावरे और जमीनी संवाद अब केवल बुजुर्गों की स्मृति में बचे हैं। अगर हमने आज इन्हें नहीं संजोया तो कल ये इतिहास की किताबों में भी नहीं मिलेंगे।

 

 

हमें एक सुनियोजित और ऊर्जावान प्रयास करना होगा:

"खत्री बोली संरक्षण मंच" का गठन किया जाए — जिसमें भाषा विशेषज्ञ, बुजुर्ग, लेखक और युवा मिलकर बोली, मुहावरों और कहावतों का संग्रह करें। ई-बुक्स, मोबाइल ऐप्स, पॉडकास्ट और वीडियो के जरिए मुहावरों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाए ताकि युवा पीढ़ी इसे सीखे।

स्कूल और कॉलेजों में "बोली संवाद सप्ताह" हो, जिसमें पंजाबी में वाद-विवाद, शायरी, किस्सागोई और पारिवारिक कथाओं का मंचन हो।

बुजुर्गों के साथ “संवाद सत्र” आयोजित किए जाएं, जहां वे अपने अनुभव साझा करें और नई पीढ़ी उनसे सीधे संवाद करे ताकि भावनाओं की डोर फिर से जुड़ सके।

हर घर में एक बोली शिक्षक अभियान चलाया जाए — परिवार का कोई एक सदस्य हफ्ते में एक दिन पंजाबी या पारंपरिक खत्री बोली में संवाद शुरू करे।

स्कूलों में “पंजाबी बोली संवाद दिवसआयोजित हों जहां बच्चे न केवल अपनी मातृभाषा में बोलें, बल्कि मुहावरों, कहावतों, और प्राचीन शब्दों को फिर से सीखें।

भाषा वो धागा है जो खत्री समाज की आत्मा, परंपरा और गौरव  को एक सूत्र में पिरोता है। इसे टूटने देना अपनी जड़ों को खो देना है। अगर आज हम अपनी बोली को संजोएंगे, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें याद रखेंगी

लिखित द्वारा: खत्रीनामा टीम